रजत जयंती पर चंपावत में ‘सशक्त नारी उत्सव’ — मेहनतकश महिलाओं को मिलेगा सम्मान और प्रेरणा

Responsive example

चम्पावत – उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ “रजत जयंती” के अवसर पर नगर पालिका परिषद चंपावत की ओर से नगर क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम “सशक्त नारी उत्सव” आयोजित किया जा रहा है।

अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद चंपावत ने बताया कि यह उत्सव 13 नवंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे से नगर पालिका कार्यालय परिसर स्थित दीनदयाल पार्क में आयोजित किया जाएगा।

यह आयोजन दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) एवं दीनदयाल जन आजीविका योजना–शहरी के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की मेहनतकश और उद्यमशील महिलाओं को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इन महिलाओं के परिश्रम, आत्मनिर्भरता और समाज में योगदान को सम्मानित करना है, साथ ही उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से और अधिक सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना है।

उत्सव के दौरान महिलाओं के व्यक्तित्व विकास और प्रोत्साहन के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ तथा प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जिससे अन्य महिलाएँ भी समूह गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित हों।

अधिशासी अधिकारी ने नगर क्षेत्र के सभी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से “सशक्त नारी उत्सव” में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि रजत जयंती वर्ष का यह विशेष अवसर सामूहिक उत्साह और गौरव के साथ मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *