चम्पावत में नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

Responsive example

चम्पावत: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार और नशे के सेवन पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने सार्वजनिक वाहनों के माध्यम से मादक पदार्थों के परिवहन की संभावनाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाएं। इसके साथ ही हाईवे, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने को कहा गया है ताकि तस्करी की गतिविधियों को रोका जा सके।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि वर्ष 2025 से वर्तमान समय तक जनपद में कुल 1211 नाली भांग की अवैध खेती को नष्ट करने की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2026 में अब तक कुल 22 अभियोगों में 26 अभियुक्तों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई है।

जिलाधिकारी ने स्कूलों और महाविद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम और संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में आवश्यकतानुसार ड्रग डिटेक्शन किट उपलब्ध कराने और एंटी ड्रग कमेटियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। इससे युवाओं के बीच नशे की रोकथाम में सहायता मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1933 और ‘मानस पोर्टल’ का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को विशेष काउंसलर्स और चिकित्सकों के माध्यम से शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु प्रवर्तन कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने, धरपकड़ अभियान में तेजी लाने और अवैध वित्तीय लेनदेन को ट्रेस कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पंचायत स्तर पर होने वाली बैठकों में “नशा मुक्त एवं ड्रग फ्री देवभूमि” को एजेंडा बिंदु के रूप में शामिल किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *