
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए जनपद-स्तरीय मौसम चेतावनी जारी की है, जिसमें विशेष रूप से अगले तीन दिनों तक विभिन्न जिलों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई गई है।
18 मार्च को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में आंधी, ओलावृष्टि और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
19 मार्च को पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने और तेज हवाओं का असर जारी रहेगा। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के तीव्र दौर की आशंका है।
20 मार्च को मौसम का सर्वाधिक असर दिखने की उम्मीद है। देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज आंधी का पूर्वानुमान है। मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
21 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। 22 मार्च के लिए मौसम विभाग द्वारा कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।