
अल्मोड़ा -चौखुटिया क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी मांगों के पूर्ण होने पर आंदोलनकारियों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। आंदोलनकारी भुवन कठायत एवं उनकी पूरी टीम ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत तथा जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके सकारात्मक और संवेदनशील प्रयासों से क्षेत्र को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात मिली है।
गौरतलब है कि चौखुटिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा “ऑपरेशन स्वास्थ्य” नाम से एक संगठित आंदोलन चलाया गया था। यह आंदोलन लगभग 60 दिनों तक निरंतर चला, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भागीदारी की। आंदोलन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना, उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया के लिए शासनादेश एवं वित्तीय स्वीकृति जारी करने, आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता तथा सहयोगी स्टाफ की नियुक्ति जैसी महत्वपूर्ण मांगें प्रमुख रूप से उठाई गई थीं।
आंदोलनकारियों का कहना था कि लंबे समय से इन सुविधाओं के अभाव में क्षेत्रवासियों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के दौरान दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय, धन और संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी होती थी। ऐसे में “ऑपरेशन स्वास्थ्य” आंदोलन का उद्देश्य केवल मांग रखना ही नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ी इन आवश्यकताओं की ओर शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनहित में इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था। अब शासन स्तर पर आवश्यक आदेश जारी होने, वित्तीय स्वीकृति मिलने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होने और अन्य मांगों के पूरा होने के बाद आंदोलनकारियों एवं क्षेत्रवासियों में संतोष और खुशी का माहौल है।
भुवन कठायत के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच, संवेदनशील नेतृत्व और जनहित के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता के कारण ही चौखुटिया जैसे दूरस्थ क्षेत्र तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकी हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल वर्तमान की आवश्यकता को पूरा करता है, बल्कि भविष्य में क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।
आंदोलनकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक कदम तेजी से उठाए। साथ ही जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह की भूमिका की विशेष रूप से सराहना की गई। आंदोलनकारियों का कहना था कि जिलाधिकारी द्वारा पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निरंतर प्रयास किए गए, प्रभावी अनुश्रवण किया गया और शासन स्तर पर लगातार समन्वय बनाए रखा गया, जिसके चलते निर्णयों को शीघ्रता से अमल में लाया जा सका।
अंत में आंदोलनकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन के इसी तरह के सकारात्मक सहयोग और संवेदनशील दृष्टिकोण से चौखुटिया क्षेत्र का सर्वांगीण विकास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में भी इसी प्रकार ठोस और जनहितकारी निर्णय लिए जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों का जीवन स्तर और अधिक बेहतर हो सकेगा।