कुमाऊँ में विकास की रफ़्तार तेज़ — भवाली–रातीघाट बाईपास व धार्मिक स्थलों का कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने किया निरीक्षण

Responsive example

नैनीताल-कुमाऊँ आयुक्त एवं  मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को अपने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री के प्राथमिक एवं प्रमुख कार्यों में शामिल भवाली–रातीघाट बाईपास निर्माण कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बाईपास की अद्यतन प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित 18.2 किलोमीटर मार्ग में से 8 किलोमीटर सड़क निर्माण एवं डामरीकरण पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष 10.2 किलोमीटर में पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में कलमठ, सुरक्षा दीवारों एवं अन्य शेष निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं। बाईपास को राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा से जोड़ने हेतु प्रस्तावित मोटर पुल की डीपीआर भी तैयार कर शासन को भेज दी गई है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गति और बढ़ाने तथा निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी तथा पहाड़ी जिलों की कनेक्टिविटी भी और बेहतर होगी।

अपने भ्रमण के दौरान कुमाऊँ आयुक्त ने भवाली बाईपास को जोड़ने वाले प्रस्तावित मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि पुल निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और आगामी दो महीनों में इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पश्चात आयुक्त शिव शक्ति धाम, खैरना पहुंचे, जहां उन्होंने सोमवारी महाराज गुफा में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से यह स्थल अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा आगंतुकों की सुविधा हेतु आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। मंदिर कमेटी द्वारा आपदा की स्थिति में संभावित नुकसान को देखते हुए सुरक्षात्मक कार्यों की मांग पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अंत में, आयुक्त ने विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही वाहन पार्किंग एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कैंचीधाम मोनिका, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रत्नेश कुमार, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *