
चंपावत ३ नवम्बर-उत्तराखण्ड राज्य की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जनपद चंपावत में ज्ञान, साहित्य और सृजनशीलता के प्रसार हेतु एक भव्य तीन दिवसीय वृहद् पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पुस्तक मेले में नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT), साहित्य अकादमी, राजपाल प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन और किताब घर प्रकाशन जैसी देश की प्रतिष्ठित संस्थाएँ एवं प्रकाशक भाग ले रहे हैं।
यह मेला दिनांक 07 से 09 नवंबर 2025 तक आयोजित होगा। विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आयोजन को जनपद के विभिन्न स्थलों पर क्रमवार रूप से संपन्न कराया जाएगा —
07 नवंबर को लोहाघाट एवं बाराकोट,
08 नवंबर को पाटी, तथा
09 नवंबर को चंपावत (गौरल चौड़ मैदान) में इसका भव्य समापन होगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री बिष्ट ने कहा कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह पुस्तक मेला विद्यार्थियों में पठन संस्कृति, साहित्यिक चेतना और ज्ञानार्जन की भावना को प्रोत्साहित करने का एक उत्कृष्ट मंच बनेगा। उन्होंने जनपद के समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वे इस साहित्यिक पर्व में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करें और पुस्तकों के माध्यम से अपने ज्ञान के क्षितिज को विस्तृत करें।