
नैनीताल: उत्तराखण्ड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में शनिवार, 21 मार्च को एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर एक जनसभा भी होगी, जिसमें भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
रक्षा मंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम एवं आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। इसके उपरांत, मुख्यमंत्री ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, पेयजल, साफ-सफाई एवं शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि शहर की जनता एवं बाहर से आने वाले आगंतुकों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। इसके लिए पूर्व में ही एक रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, दिनेश आर्य, दीपक मेहरा सहित कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।