
अल्मोड़ा: ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत 20 एवं 21 मार्च 2026 को अल्मोड़ा के होटल हिमसागर में दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी के दिशानिर्देशन में एनआरएलएम द्वारा गठित एवं ग्रामोत्थान (रीप) द्वारा अंगीकृत क्लस्टरों के नवनियुक्त कार्मिकों के लिए आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास विभाग, अल्मोड़ा के०एन० तिवारी ने किया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्मिकों के साथ-साथ विकासखण्ड हवालबाग, लमगड़ा, धौलादेवी, भैंसियाछाना एवं द्वाराहाट के चयनित सीएलएफ के नवनियुक्त कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रबंधन इकाई, अल्मोड़ा के सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेशन) ने प्रतिभागियों का स्वागत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नवनियुक्त कार्मिकों को परियोजना की जानकारी दी गई। उन्हें सहकारिता स्तर पर दस्तावेजीकरण एवं रिपोर्टिंग व्यवस्थित तथा समयबद्ध ढंग से संचालित करने के निर्देश मिले।
इसके उपरांत सहायक प्रबंधक (लाइवलीहुड) सुनील जोशी ने प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से समूह सदस्यों की आजीविका सुदृढ़ करने हेतु परियोजना के विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी। परियोजना निदेशक के०एन० तिवारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा से करने पर जोर दिया तथा अर्जित ज्ञान का उपयोग कर महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अर्जित ज्ञान साझा किया, जिससे कार्यक्रम का प्रभाव सकारात्मक रहा। परियोजना निदेशक ने फील्ड स्तर पर कार्य करते समय आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान के व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे प्रतिभागियों में कार्य के प्रति उत्साह एवं आत्मविश्वास में वृद्धि हुई।
कार्यक्रम के समापन पर परियोजना निदेशक एवं जिला परियोजना प्रबंधक राजेश मठपाल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को फील्ड भ्रमण हेतु पीठ बैग एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला परियोजना प्रबंधक ने सभी कार्मिकों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेशन) संदीप सिंह, सहायक प्रबंधक (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण) दीपक चंद रमोला, यंग प्रोफेशनल उत्कर्ष गुप्ता सहित अन्य कार्मिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।