
चम्पावत – जिला सभागार चंपावत में आज निवर्तमान अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा उन्होंने शर्मा को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में जयवर्धन शर्मा ने चंपावत जनपद के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चंपावत में अपर जिलाधिकारी के रूप में कार्य करना उनके लिए एक यादगार और प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने सभी अधिकारियों से जनपद के विकास कार्यों में निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उन्हें नए दायित्व हेतु शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शर्मा ने अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। उन्होंने उनके योगदान और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती और अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी ने भी जयवर्धन शर्मा को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक के रूप में मिलने वाले नए दायित्व के सफल एवं पारदर्शी निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने शर्मा के मार्गदर्शन, नेतृत्व और सौम्य व्यवहार के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।