त्रिस्तरीय पंचायत उप प्रधान सामान्य निर्वाचन-2026 के लिए चम्पावत में अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

Responsive example

चम्पावत: जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत उप प्रधान सामान्य निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को विभिन्न दायित्वों के साथ अधिग्रहित किया है।

सुरक्षा और निर्वाचन समन्वय की जिम्मेदारी तय

निर्वाचन के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव को सुरक्षा व्यवस्था का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका दायित्व ग्राम पंचायतों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करना होगा।

संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के समन्वय और नियंत्रण के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती को उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) की जिम्मेदारी दी गई है। वे निर्वाचन से संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे।

मतपत्र, यातायात और कंट्रोल रूम की व्यवस्था

मतदान दलों के लिए वाहनों की उपलब्धता और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया को नोडल अधिकारी यातायात बनाया गया है। वहीं, मतपत्रों की व्यवस्था तथा कोषागार से उनकी प्राप्ति के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी महेश कुमार को प्रभारी अधिकारी मतपत्र नियुक्त किया गया है।

चुनावी गतिविधियों की सूचना और नियंत्रण के लिए जिला प्रबन्धन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल को प्रभारी अधिकारी कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका दायित्व विकास खंडों से मतदान दलों की रवानगी और मतगणना परिणामों की रिपोर्ट संबंधित चुनाव कार्यालय तक पहुंचाना होगा।

विकास खंड स्तर पर भी सौंपी गई जिम्मेदारियां

चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट के खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने विकास खंडों में निर्वाचन गतिविधियों, मतदान दलों के प्रशिक्षण तथा मतपेटियों की व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

निर्वाचन कार्य में लगे वाहनों के लिए ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट को नोडल अधिकारी ईंधन व्यवस्था नामित किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।