
चंपावत: जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और विकास से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 93 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि तत्काल समाधान संभव होने वाले मामलों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अन्य मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
विगत सप्ताह आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों की भी जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को विभागीय कार्यवाही की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, सभी प्रकरणों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम ढकना की नारायणी देवी ने अपने परिवार को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से पूर्व में की गई कार्यवाही की जानकारी ली और प्रार्थी को शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
खेतीखान की पुष्पा ओली ने अपने पुत्र के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा समाज कल्याण अधिकारी को प्रमाण पत्र संबंधी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम कांडा दुधपोखरा की भावना देवी की पेयजल समस्या की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम को क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
नायकगोठ (टनकपुर) की कमला पंत ने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने की मांग रखी, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम बुडम ककनई की नेहा ने मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ग्राम कानीकोट के दीपक सिंह ने सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, जिस पर उरेडा विभाग को क्षेत्र में सोलर लाइट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम दुबड़ जैनल के दिलीप सिंह महर ने जंगली जानवरों से बागवानी को हो रहे नुकसान के संबंध में चैन लिंक फेंसिंग लगाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी और जिला उद्यान अधिकारी को फेंसिंग संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्राम सिलाड सुखीढांग के संजय ने आधार कार्ड बनाने या सुधारीकरण की मांग की, जिस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को प्रार्थी की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम डुंगरा (पाटी) के प्रदीप राम ने अपने बच्चे के लिए प्राथमिक शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, ग्राम हरम के कमल सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्र तक जाने वाले मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मार्ग के सुधारीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में नवीन सिंह, सुमन, छोटे लाल, ईश्वरी देवी, प्रकाश नरियाल, बसंती देवी, रमेश राम, सूरज महर, देवराम, गरिमा भट्ट सहित कई अन्य शिकायतकर्ताओं की समस्याएं भी दर्ज की गईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान संवेदनशीलता तथा जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और फरियादी उपस्थित रहे।