अल्मोड़ा: द्वाराहाट क्षेत्र में वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, मृतक के परिजनों को ₹2 लाख सहायता

Almora uttarakhand
Responsive example

अल्मोड़ा -जनपद के द्वाराहाट तहसील क्षेत्र में 6 दिसंबर 2025 को हुई वाहन दुर्घटना के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त दुर्घटना की विस्तृत जांच के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट, द्वाराहाट को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या यूके-01टीए-1046 दिनांक 6 दिसंबर 2025 को लगभग एक बजे द्वाराहाट से नौबाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कफलानी मोड़ के समीप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में वाहन चालक की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे।

जिला मजिस्ट्रेट ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के कारणों की गहन और निष्पक्ष जांच कर स्पष्ट आख्या एक पक्ष के भीतर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। जांच में सड़क की स्थिति, वाहन की तकनीकी दशा और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जाएगी।

प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि दुर्घटना में मृतक की पहचान प्रयाग दत्त मिश्रा (45 वर्ष), पुत्र भवानी दत्त मिश्रा, निवासी ग्राम डंगरखोला, पोस्ट नौबाड़ा, तहसील द्वाराहाट के रूप में हुई है। इस संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), अल्मोड़ा से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार उक्त वाहन सार्वजनिक सेवायान की श्रेणी में आता है।

उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत निधि नियमावली, 2022 के अंतर्गत मृतक के विधिक आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत उत्तराखंड परिवहन दुर्घटना राहत निधि, अल्मोड़ा के खाते से ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) की धनराशि का चेक तहसीलदार द्वाराहाट के नाम निर्गत किया गया है। यह राशि नियमानुसार मृतक के परिजनों को वितरित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने तहसीलदार द्वाराहाट को निर्देश दिए हैं कि सहायता राशि वितरण के उपरांत प्राप्ति रसीद की दो मूल प्रतियां एक पक्ष के भीतर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *