चार साल बेमिसाल: अल्मोड़ा में 23–25 मार्च तक होंगे बड़े जनकल्याण कार्यक्रम

Responsive example

अल्मोड़ा–  सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशन में सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा द्वारा जारी पत्र में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक जनपद स्तर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ विकासखंड एवं अन्य इकाइयों में भी विविध गतिविधियां संचालित की जाएं। कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम मल्ला महल में 23 मार्च 2026 को आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न जनहित के कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे तथा कार्यक्रमों के लाभ उठाएं।

मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को उपकरणों का वितरण किया जाएगा तथा योजनाओं का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, सूचना विभाग द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित सूचना सामग्री वितरित की जाएगी। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद मुख्यालय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोक नृत्य, लोक संगीत एवं पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही विद्यालय स्तर पर भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

जनपद के विभिन्न स्थानों पर विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को ऑन-द-स्पॉट लाभान्वित किया जाएगा। युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा महिलाओं एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें तथा अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *