
उत्तराखंड – स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग अधिकारियों के 587 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी है। अभ्यर्थी 27 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
स्वास्थ्य प्रणाली में तेजी से स्टाफ बढ़ाने के लिए सरकार पिछले सप्ताह से ही निरंतर भर्ती प्रक्रियाएं चला रही है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत 287 चिकित्सकों और 180 एएनएम के पदों पर भी सीधी भर्ती की कार्रवाई चयन बोर्ड द्वारा शुरू कर दी गई है।
सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नर्सिंग अधिकारियों के लिए घोषित 587 पदों में राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार और पिथौरागढ़ के 480 पद, जबकि 107 बैकलॉग पद शामिल हैं। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर निर्धारित की गई है।
भर्ती विवरण के अनुसार—
-
नर्सिंग अधिकारी (महिला) डिप्लोमा धारक: 336 पद
-
नर्सिंग अधिकारी (महिला) डिग्री धारक: 144 पद
-
नर्सिंग अधिकारी (पुरुष) डिप्लोमा धारक: 75 पद
-
नर्सिंग अधिकारी (पुरुष) डिग्री धारक: 32 पद
चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में खाली पदों को तेजी से भरा जा रहा है, ताकि सभी संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।
यह भर्ती स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है और उम्मीद है कि इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
अधिक जानकारी और विस्तृत दिशा-निर्देशों के लिए उम्मीदवार ukmssb.org पर विजिट करें।