
टनकपुर — उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ “रजत जयंती” के उपलक्ष्य में युवाओं को अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार दिनांक 08 नवम्बर 2025 को राजकीय महाविद्यालय, टनकपुर परिसर में एक वृहद एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर. के. पंत ने जानकारी दी कि इस रोजगार मेले में कुल 27 प्रतिष्ठित नियोजक कंपनियाँ भाग लेंगी, जिनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कुल 4878 पदों पर नियुक्तियाँ की जाएँगी। यह मेला युवाओं के लिए अपने करियर की दिशा तय करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध होगा।
विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर
🔹 बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र
- आईडीएफसी फर्स्ट बैंक: रिलेशनशिप मैनेजर के 09 पद (स्नातक 60%, आयु 21–28 वर्ष)
- एचडीएफसी बैंक: डिप्टी मैनेजर के 21 पद (वेतन ₹5.59 लाख वार्षिक, स्नातक में 50%)
- एक्सिस बैंक: असिस्टेंट मैनेजर के 12 पद (वेतन ₹4.40–₹4.85 लाख वार्षिक)
- भारतीय स्टेट बैंक जीवन बीमा, खटीमा: यूनिट/एजेंसी मैनेजर के 05 पद (वेतन ₹18,000 प्रतिमाह)
🔹 विनिर्माण एवं तकनीकी क्षेत्र
- टाटा मोटर्स लिमिटेड, पंतनगर: एसोसिएट्स के 1000 पद (योग्यता: 10वीं/12वीं/आईटीआई)
- टाटा मोटर्स (क्वेस क्रॉप): प्रोडक्शन/असेंबली लाइन हेतु 600 पद, ट्रेनिंग हेतु 100 पद
- रेंडस्टेट इंडिया: टेक्नीशियन मैन्युफैक्चरिंग के 200 पद (स्थान: गुरुग्राम/बेंगलुरु)
- लावा इंटरनेशनल: अप्रेंटिस/असिस्टेंट ऑपरेटर के 100 पद (स्थान: हरियाणा)
🔹 सुरक्षा, सेवा एवं आतिथ्य क्षेत्र
- जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन: सिक्योरिटी गार्ड के 500 पद (स्थान: नोएडा)
- अशोट सर्विस: वर्कर/हेल्पर के 500 पद (स्थान: दिल्ली/एनसीआर)
- बारबेक्यू नेशन: होटल स्टाफ के 100 पद (स्थान: दिल्ली/गुरुग्राम)
- भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC): विकास अधिकारी, बीमा सखी एवं अभिकर्ता के 100 पद
- हैता ऑर्गेनिक: कस्टमर सपोर्ट एवं सेल्स के 05 पद (स्थान: चम्पावत)
🔹 अन्य प्रमुख कंपनियाँ
- पुखराज हेल्थ केयर — 100 पद
- मेराकवी वेंचर्स — 200 पद
- लायम फ्लेक्सी सॉल्यूशन (अशोक लीलैंड) — 200 पद
- युवा शक्ति फाउंडेशन — 150 पद
- जेड एफ राने लिमिटेड — 50 पद
- श्री गणेशा कंसल्टेंट्स — 120 पद
जिला सेवायोजन अधिकारी पंत ने सभी पात्र महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, नवीनतम बायोडाटा एवं पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ के साथ दिनांक 08 नवम्बर को समय से उपस्थित होकर इस स्वर्णिम अवसर का लाभ अवश्य उठाएँ।