
देहरादून: कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। करीब चार घंटे चले कार्यक्रम में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, घरेलू हिंसा, आर्थिक सहायता और फीस माफी सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 176 शिकायतें दर्ज हुईं।
प्रशासन की जानकारी के अनुसार अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया, जबकि गंभीर और जांच योग्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बुजुर्गों और महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई
जीवनगढ़ निवासी 65 वर्षीय विधवा सावित्री देवी ने बेटे और बहू पर मकान कब्जाने तथा मारपीट का आरोप लगाया। शिकायत पर एसडीएम विकासनगर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिक नसीम चंद की शिकायत पर नगर निगम और तहसीलदार को जांच सौंपी गई।
संजय कॉलोनी निवासी पूजा देवी ने पति के निधन के बाद ननदों द्वारा मकान पर कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में एसडीएम विकासनगर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जोगीवाला की तुलसी देवी और निरंजनपुर की फूलों देवी की घरेलू हिंसा तथा दहेज उत्पीड़न संबंधी शिकायतों पर पुलिस और प्रशासन को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
भूमि विवाद और कब्जों की जांच
केदारपुरम की अनीता गुप्ता ने रजिस्ट्री में धोखाधड़ी का आरोप लगाया। शिकायत के अनुसार भूमि की पूरी धनराशि दिए जाने के बावजूद जमीन उनके नाम दर्ज नहीं हुई। मामले की जांच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सौंपी गई है।
ग्राम पंचायत झाझरा और डोईवाला के कान्हरवाला में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर बीडीओ और एसडीएम डोईवाला को पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। प्रेमपुर माफी में भूमि खरीदने के बाद कब्जा न मिलने की शिकायत पर भी एसडीएम को जांच के आदेश दिए गए।
विकास कार्यों से जुड़े मामलों पर भी निर्देश
बैंक ऋण के कारण सीज किए गए भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का सामान भी सीज होने की शिकायत पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को बैंक से समन्वय कर सामान वापस दिलाने के निर्देश दिए गए।
शीला शेर मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में देरी से बच्चों को हो रही परेशानी को देखते हुए पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को कार्य में तेजी लाने और वैकल्पिक मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत कावाखेड़ा में टोंस नदी से पंपिंग योजना तथा खनन प्रभावित क्षेत्रों फनार, नीनूस, मेन्द्रथ और पुनहा पोखरी में सिंचाई एवं पाइपलाइन से संबंधित प्रस्ताव खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से तैयार करने को कहा गया। गणियात मेले और दखडान मेले में सांस्कृतिक दलों की व्यवस्था के लिए जिला पर्यटन अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई।
अधिकारी रहे उपस्थित
समाधान दिवस में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।