
हल्द्वानी: उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत सोमवार को नैनीताल जिले से 37 चयनित श्रद्धालुओं का दल देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने यात्रा दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना उन लोगों के लिए उपयोगी है जो तीर्थ यात्रा करना चाहते हैं, लेकिन विभिन्न कारणों से नहीं जा पाते। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
देहरादून से विशेष ट्रेन होगी रवाना
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से आए श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम भेजे जाएंगे।
यात्रियों के लिए निःशुल्क रहेंगी सभी सुविधाएं
यह विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा हर्रावाला (देहरादून) से सोमनाथ तक विशेष ट्रेन के माध्यम से संचालित की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा चयनित यात्रियों के लिए वातानुकूलित रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था निःशुल्क की गई है। यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक तथा अन्य जनसेवा से जुड़े लोग शामिल हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हैं।
ये रहे उपस्थित
यात्रा दल को रवाना करने के अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।