नैनीताल: महिला स्वयं सहायता समूहों की उत्पाद प्रदर्शनी का राज्यपाल ने किया अवलोकन

Responsive example

नैनीताल: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने लोक भवन में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस प्रदर्शनी में नैनीताल जनपद के विभिन्न विकासखंडों के महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में मुख्य रूप से भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी और रामनगर विकासखंडों की महिला उद्यमियों ने प्रतिभाग किया।

राज्यपाल ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित लकड़ी की कलाकृतियों, ऐपण कला, बेकरी उत्पादों, अचार, जैम, मसालों और विभिन्न हस्तशिल्प वस्तुओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉलों पर जाकर महिलाओं से संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया और विपणन गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही ‘लखपति दीदी’ महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

अवलोकन के दौरान राज्यपाल ने कहा कि राज्य की महिलाएं अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, उनके प्रस्तुतीकरण और विविधता में आए सुधार पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अब उत्पाद निर्माण के साथ-साथ गुणवत्ता सुधार, डिजिटल तकनीक और उपभोक्ता की आवश्यकताओं के अनुसार कार्यों का विस्तार किया है।

राज्यपाल ने महिला उद्यमियों को उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि उत्पाद की सफलता के लिए उसकी विशिष्टता और प्रभावी विपणन महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने महिलाओं को उत्पादों में अधिक से अधिक मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पांडे, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य और प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *