
चम्पावत: जनपद में होली पर्व के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा एक विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत अवैध मदिरा की तस्करी, भंडारण, बिक्री और अवैध परिवहन पर रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर भी सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र लाल शाह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। बाराकोट क्षेत्र से 9.75 बल्क लीटर और घाट क्षेत्र से 9.00 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई है। इस प्रकार कुल 18.75 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
इस कार्रवाई के संबंध में कुल 02 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। बरामद की गई इस अवैध शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹9,400/- आंका गया है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि होली पर्व तक यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध मदिरा के उत्पादन और बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आम जनता से भी यह अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल विभाग को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।