
चम्पावत: ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य को आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखण्ड शासन ने प्रथम किश्त के रूप में 2 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में प्रदान की गई है।
जारी शासनादेश के अनुसार इस परियोजना के लिए पूर्व में 8.1037 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में घोषणा मद से 5 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि, यानी 2 करोड़ रुपये, जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर स्वीकृत की गई है।
यात्रा मार्ग पर बेहतर सुविधाओं की तैयारी
परियोजना के अंतर्गत ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था स्थापित की जाएगी। इससे रात्रिकालीन आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में सहायता मिलेगी।
शासन के निर्देशों के अनुसार कार्य प्रारम्भ करने से पहले सभी आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। चयनित कार्यदायी संस्था के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किया जाएगा तथा विस्तृत आगणन पर सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
नियमों के अनुरूप होगा कार्यान्वयन
शासन ने स्वीकृत धनराशि के उपयोग को वित्तीय नियमों और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परियोजना की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक तीन माह में प्रगति आख्या मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन से प्राप्त प्रथम किश्त की धनराशि नियमानुसार कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराते हुए कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा।