चौखुटिया को मिला उप जिला अस्पताल का दर्जा, 53 पद स्वीकृत

Responsive example

 

अल्मोड़ा – जनपद के चौखुटिया क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी और राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अब उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया गया है। इसके साथ ही शासन ने यहां आवश्यक चिकित्सकीय और विशेषज्ञ पदों को भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया में प्रथम चरण में कुल 53 पदों का सृजन किया गया है। इनमें 42 पद नियमित और 11 पद आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाएंगे। स्वीकृत पदों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, फिजिशियन, सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी सर्जन सहित अन्य तकनीकी, पैरामेडिकल एवं लिपिकीय पद शामिल हैं।

इसके साथ ही चौखुटिया उप जिला अस्पताल को 30 बेड से बढ़ाकर 50 बेड का किया जाएगा। अस्पताल भवन के विस्तार और निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में मंडी परिषद को नामित किया गया है। प्रारंभिक कार्यों के लिए शासन द्वारा 25 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने इस निर्णय को क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से चौखुटिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा और रेफरल की समस्या में भी कमी आएगी।

शासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत पदों पर नियमानुसार शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि मुख्यमंत्री घोषणा का लाभ समयबद्ध रूप से आम जनता तक पहुंच सके।

यह निर्णय जनपद अल्मोड़ा के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *