
अल्मोड़ा: जनपद में “ऑपरेशन भल छौ” के तहत महिला कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र में अकेले रहने वाले एकल बुजुर्गों और अन्य वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्हें किसी भी आवश्यकता की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निवासरत एकल बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों का विवरण थाने के अभिलेख में दर्ज रखने तथा समय-समय पर उनसे मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला कोतवाली पुलिस ने दी आवश्यक जानकारी
प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के वरिष्ठ और एकल नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। साथ ही उन्हें थाना संपर्क नंबर और डायल 112 हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए बताया गया कि स्वास्थ्य या अन्य किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
पुलिस टीम ने इस दौरान साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, नए आपराधिक कानून, यातायात नियमों तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, जिनमें डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपदा हेल्पलाइन 1070 शामिल हैं, के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुलाकात के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की।