सितारगंज के शक्तिफार्म में 11 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुल, मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास

Responsive example

ऊधमसिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर निर्मित होने वाले सीसी पुल का शिलान्यास किया। इस पुल का निर्माण लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा। 150 मीटर स्पान वाले इस पुल के बन जाने से क्षेत्र की लगभग 50 हजार की आबादी को सीधा लाभ प्राप्त होगा। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने के पश्चात सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने के लिए तय की जाने वाली दूरी में करीब 9 किलोमीटर की कमी आएगी। यह पुल क्षेत्र में आवागमन को व्यवस्थित करने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को आधार प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल योजनाओं पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। ऊधमसिंह नगर जनपद के शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है। शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के माध्यम से एक आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है। इस इकाई में मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और पनीर निर्माण से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये के बजट से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसका लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 30 बेड की क्षमता वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किया गया है। इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मुख्य मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण कार्य भी वर्तमान में प्रगति पर हैं। किच्छा क्षेत्र में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया भी गतिमान है।

क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए गदरपुर एवं खटीमा बाईपास, बस अड्डों, खेल स्टेडियमों, साइकिलिंग ट्रैक और एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। सरकार जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के माध्यम से तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में कार्य कर रही है। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रशासनिक सुधारों और पारदर्शिता पर चर्चा करते हुए बताया गया कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है। इस कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *