
चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में आयोजित सात दिवसीय ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव-2026’ का टनकपुर स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के निकट मैदान में समापन हो गया। इस महोत्सव का आयोजन जनपद चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक कला, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से किया गया था।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह महोत्सव सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने में सहायक रहा।
इस आयोजन में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित देश के 10 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों ने अपनी कला, हस्तशिल्प, हैंडलूम उत्पाद और पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। इससे टनकपुर में विभिन्न राज्यों की संस्कृति का संगम देखने को मिला।
देश के विभिन्न जनपदों से आए स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों ने अपने स्थानीय उत्पादों के लिए 171 स्टॉल्स के माध्यम से सहभागिता की।
सात दिवसीय इस आयोजन के दौरान कुल ₹70,64,497 का कारोबार दर्ज किया गया।
व्यापारिक उपलब्धियों में, उत्तर प्रदेश के कानपुर से आए साजिद शाहिद अली ने हैंडलूम उत्पादों से ₹45,800 की आय अर्जित की। देहरादून के इरफान अहमद ने कार्पेट विक्रय से ₹70,655 का कारोबार किया। उधमसिंह नगर के हस्तशिल्प उद्यमियों में रईस अहमद ने ₹1,08,691, मोहम्मद फारूक ने ₹1,39,900 और इसरार हुसैन ने ₹1,23,000 की आय अर्जित की।
दिल्ली से आए पुस्तक विक्रेताओं ने ₹3,26,332 से अधिक की पुस्तकों की बिक्री की।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जनपद की तारा देवी स्वयं सहायता समूह ने लाइव फूड स्टॉल के माध्यम से ₹96,500 की आय प्राप्त की।
जनपद चम्पावत के जय माता दी, हरियाली, भूमिया, नारी शक्ति, मां भगवती एवं पार्वती स्वयं सहायता समूहों ने लाइव फूड स्टॉल्स के माध्यम से कुल ₹6,38,060 की आय अर्जित की।
इसके अतिरिक्त, नगर पालिका क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों ने भी हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की बिक्री से उपलब्धि दर्ज की।