
चम्पावत: जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत की ग्राम पंचायत भण्डार बोरा के दूरस्थ क्षेत्र रौकुंवर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी बसौटी माफी से रौकुंवर तक लगभग तीन किलोमीटर का दुर्गम जंगल मार्ग पैदल तय कर गांव पहुंचे। मार्ग में उन्होंने एक ग्रामीण के घर रुककर उनकी आजीविका, खेती-बाड़ी और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी ली। इस पर खंड विकास अधिकारी को संबंधित ग्रामीण के लिए पीएम किसान योजना और आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए गए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की प्रमुख मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही, गांव के क्षतिग्रस्त मार्गों एवं पुलों के सुधार हेतु खंड विकास अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर पुल निर्माण के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए और सभी लाभार्थियों को समयबद्ध ढंग से योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।
जिलाधिकारी ने चौपाल में उपस्थित प्रत्येक ग्रामीण की समस्या को गंभीरता से सुना। उन्होंने एक-एक प्रकरण को स्वयं अपनी डायरी में अंकित किया और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। इनमें कुछ ग्रामीणों द्वारा उठाई गई बिजली पोल, पेयजल समस्या, गौशाला निर्माण, जन्म प्रमाण पत्र, पेंशन, आधार कार्ड और सुरक्षा दीवार की मांग जैसे कई प्रकरण शामिल थे। एक ग्रामीण की मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को समुचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आपदा के कारण क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर की समस्या के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को गांव में विभिन्न स्थानों पर टैंक निर्माण कर सिंचाई सुविधा विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ कराने के निर्देश भी दिए गए।
गांव के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए, जिलाधिकारी ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रौकुंवर के भवन के सुधारीकरण, खेल मैदान के विकास, ओपन जिम की स्थापना, पंचायत घर एवं बारात घर निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अशोक सिंह कुंवर, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तिक्रिति तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।