
बागेश्वर: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 2 जुलाई 2026 को जनपद बागेश्वर के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी और अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्वा पाण्डे ने आदेश जारी करते हुए गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को जनपद बागेश्वर के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित किया है। आदेश के तहत जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय
प्रशासन के अनुसार यह निर्णय मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी और ऑरेंज अलर्ट को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मुख्य शिक्षा अधिकारी बागेश्वर और जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से सावधानी बरतने की अपील
बारिश के दौरान प्रशासन ने आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।