बनबसा सैन्य स्टेशन में होने वाली सेना भर्ती रैली की तैयारी को लेकर 20 नवंबर को होगी अहम बैठक

Responsive example

चम्पावत  – बनबसा सैन्य स्टेशन में आगामी 30 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक प्रस्तावित सेना भर्ती रैली के सफल आयोजन एवं सुचारु संचालन की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है। इसी क्रम में तैयारियों की समीक्षा हेतु 20 नवंबर 2025 को पूर्वान्ह 11:00 बजे जिलाधिकारी कार्यालय, चंपावत के सभागार में एक आवश्यक बैठक आहूत की गई है।

इस बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी करेंगे। बैठक में कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधाएँ, सुरक्षा प्रबंध, आवास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सेना भर्ती रैली के दौरान हजारों युवाओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी विभागों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और अपने विभाग से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना एवं जानकारी के साथ भाग लें।

उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य भर्ती रैली के दौरान संभावित चुनौतियों की पूर्व पहचान कर उनका समय रहते समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि प्रतिभागी युवाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और रैली को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *