प्रशासन गाँव की ओर अभियान के तहत 2235 ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ

B1431d0b 98a3 4e7e bec1 230a7b4c3c22
Responsive example

अल्मोड़ा– “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के संकल्प के साथ जनपद अल्मोड़ा में “प्रशासन गाँव की ओर” अभियान को लगातार मजबूती दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक सीधे पहुँच बनाकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है।

इसी क्रम में विकासखंड धौलादेवी की न्याय पंचायत पोखरी, विकासखंड द्वाराहाट की न्याय पंचायत विजयपुर तथा विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत भरसौली में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त आवेदनों व शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही हेतु भेजा गया।

न्याय पंचायत पोखरी में आयोजित शिविर में उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। पोखरी में 803, विजयपुर में 1021 तथा भरसौली में 412 लोगों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिला। इस प्रकार तीनों न्याय पंचायतों में कुल 2235 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया।

शिविरों में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और समाधान सुनिश्चित किया गया।

इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तक सीधी पहुँच बनाकर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *