देहरादून के गुचुपानी में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, प्राकृतिक गुफाओं और ठंडे पानी का ले रहे आनंद

Responsive example

देहरादून: राजधानी के गढ़ी कैंट क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुचुपानी (रॉबर्स केव) में वीकेंड और गर्मी की छुट्टियों के चलते पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक यहाँ की प्राकृतिक गुफाओं और ठंडे जल का आनंद लेकर अपनी थकान मिटा रहे हैं। सहस्त्रधारा के बाद अब यह स्थल पर्यटकों की प्रमुख पसंद के रूप में उभर रहा है।

पर्यटकों की बढ़ती आमद को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के व्यवसाय में भी सकारात्मक प्रभाव देखा जा रहा है। यहाँ की खान-पान की दुकानों, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि होने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिल रहा है।

पर्यटन स्थल पर कई पर्यटक ड्रोन के माध्यम से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर यहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य को स्मृतियों के रूप में संजो रहे हैं। आगंतुक यहाँ की स्वच्छता, प्राकृतिक सुंदरता और सुलभ पर्यटन सुविधाओं की सराहना कर रहे हैं। इसके साथ ही पर्यटकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश भी दिया जा रहा है।

पटियाला से आए एक पर्यटक जतिन ने बताया कि वह दूसरी बार देहरादून आए हैं, लेकिन गुचुपानी अपने परिवार के साथ पहली बार पहुंचे हैं। उन्होंने यहाँ के सौंदर्य और शांत वातावरण को प्रभावशाली बताया। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अन्य पर्यटकों से अपील की है कि वे यहाँ भ्रमण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

गुचुपानी का शीतल जल और मनोरम प्राकृतिक दृश्य वर्तमान में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। यही कारण है कि इन दिनों यह स्थल जनपद के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *