जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई जल समिति की बैठक में जल जीवन मिशन, डिप्टेश्वर झील और अन्य परियोजनाओं की समीक्षा

Responsive example
  1. चम्पावत – जिला स्तरीय जल समिति की बैठक जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न — जल जीवन मिशन, जल संरक्षण एवं चल रही परियोजनाओं की हुई समीक्षा

जिला सभागार चंपावत में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं, जल जीवन मिशन एवं जल संरक्षण कार्यों की प्रगति पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पेयजल एवं जल संरक्षण से संबंधित परियोजनाओं का कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में डिप्टेश्वर झील परियोजना पर विशेष चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पब्लिक कंसल्टेशन आयोजित कर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन संवर्द्धन और स्थानीय आजीविका को सुदृढ़ करने के अवसर भी प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि कालसन–भोलेश्वर परियोजना का कार्य आगामी एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ कर दिया जाएगा।

बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि हिमालयी राज्यों में जल संचयन एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में चंपावत जनपद अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ‘J.S.J.B.-2.0 पोर्टल’ पर सर्वाधिक डेटा अपडेट करने वाला जनपद चंपावत रहा है, जो जिले में जल संरक्षण कार्यों में जनसहभागिता की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत करता है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जल संरक्षण सामूहिक उत्तरदायित्व है, जिसे एक जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी विभागों को वर्षा जल संचयन, जल स्रोत पुनर्जीवन, चेक डैम निर्माण तथा सोक पिट जैसी गतिविधियों में जनसहभागिता को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विभाग, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम अशोक स्वरूप, अधिशासी अभियंता जल संस्थान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *