
अल्मोड़ा: सल्ट विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बोरडा तोक स्थित ग्राम तड़म में वन्यजीव संघर्ष की घटना के पश्चात जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने दुर्गम पैदल मार्ग से होकर गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रशासन द्वारा यह कदम क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने और संकट की स्थिति में ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत परिवार की एक सदस्य को तहसील कार्यालय सल्ट में अस्थाई रूप से डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात करने का आदेश उपजिलाधिकारी को दिया गया। इसके अतिरिक्त, दूसरी सदस्य को शिक्षक स्वयं सेवक के रूप में अस्थाई नियोजन देने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है ताकि परिवार को आर्थिक और सामाजिक संबल प्राप्त हो सके और बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को क्षेत्र में वन्यजीवों के बढ़ते खतरे, आवागमन की कठिनाइयों और पेयजल संकट जैसी मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पूरे ग्राम क्षेत्र में चेन लिंक फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल सके। साथ ही तड़म से भोनखाल तक के मार्ग का सुधारीकरण करने और मार्ग पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे रात्रि के समय ग्रामीणों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग रानीखेत के अधिशाषी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर अधिशाषी अभियंता के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं के निवारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
वन्यजीवों के हमलों को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने वन विभाग को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके साथ ही ग्रामीणों के लिए गधेरे से गांव तक पेयजल लाइन बिछाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने कुमेंरिया से बोरड तक सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रशासन दूरस्थ क्षेत्रों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी सल्ट रिंकू बिष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, तहसीलदार आबिद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।