
चम्पावत – जनपद चम्पावत में 18 से 24 फरवरी 2026 तक “चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सात दिवसीय महोत्सव टनकपुर स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के निकट मैदान में आयोजित होगा। सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षिक, पर्यटन और साहसिक गतिविधियों से परिपूर्ण यह आयोजन जनपद की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत, महिला सशक्तिकरण, युवा ऊर्जा और उद्यमिता विकास को एक मंच पर लाएगा।
महोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों के आकर्षक फूड स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ आगंतुक देशभर के विविध स्वादों का आनंद ले सकेंगे। इसके साथ ही सात दिवसीय पुस्तक मेला, पारंपरिक वाद्य यंत्र एवं पारंपरिक बर्तनों की प्रदर्शनी, फोटो प्रदर्शनी और “Feel the Tent at Chuka” अनुभव शिविर विशेष आकर्षण रहेंगे।
उद्घाटन दिवस: 18 फरवरी
महोत्सव का शुभारंभ सामान्य योग प्रोटोकॉल से होगा। इस दिन नशा मुक्त भारत अभियान, एनवीबीडी, एनसीडी, एनीमिया और टीबी मुक्त अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चम्पावत के इतिहास पर आधारित लेजर शो दर्शकों को आकर्षित करेगा। काइट फ्लाइंग और रंगोली प्रतियोगिता के साथ स्टार नाइट में जितेंद्र तोमक्याल और माया उपाध्याय की प्रस्तुति होगी।
19 फरवरी: महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक रंग
इस दिन पारंपरिक परिधान रैंप वॉक, ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता, बाल विवाह और घरेलू हिंसा पर आधारित नाटिका, बालिका जन्मोत्सव और Most Talented Lady Hunt जैसे कार्यक्रम होंगे। हिमनाद बैंड, गोविंद दिगारी और खुशी दिगारी स्टार नाइट में प्रस्तुति देंगे।
20 फरवरी: कृषि, कौशल और ऊर्जा
कृषि विभाग और टी-बोर्ड द्वारा कृषक गोष्ठी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की कार्यशाला, सहकारिता एवं मत्स्य पालन विभाग की बैठक, ऊर्जा संरक्षण कार्यशाला और शहद उत्पादन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। शाम को बेबी प्रियंका, इंदर आर्या और श्वेता महारा मंच पर प्रस्तुति देंगे।
21 फरवरी: युवा और रोजगार
रोजगार मेला, कैरियर काउंसलिंग, यूथ पार्लियामेंट, साइबर सिक्योरिटी एवं आपदा प्रबंधन कार्यशाला, SVEEP कार्यक्रम, सुंदरकांड पाठ और शारदा घाट पर दीपोत्सव का आयोजन होगा। “Waste to Wonder Park”, मधुबनी पेंटिंग कार्यशाला और निबंध प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रहेंगे। स्टार नाइट में वीर माधो सिंह भंडारी नाट्य प्रस्तुति के साथ मनोज आर्या, राधा श्रीवास्तव और ज्योति नूरान प्रस्तुति देंगे।
22 फरवरी: बाल एवं महिला केंद्रित दिवस
फैंसी ड्रेस, स्वस्थ बेबी शो, नर्सरी राइम, लेजिम प्रस्तुति, म्यूजिकल चेयर, जलेबी दौड़, सैक रेस, लेमन स्पून रेस और बैलून बर्स्टिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। रम्माण प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। स्टार नाइट में स्वाति भट्ट, हरु जोशी और ललित मोहन जोशी प्रस्तुति देंगे।
23 फरवरी: उद्यमिता और विरासत
पूर्व सैनिक संवाद, दिव्यांग कला प्रदर्शन, उद्यमिता जागरूकता शिविर, Buyer-Seller Meet, Export Workshop, नदी उत्सव और जल संरक्षण कार्यशाला आयोजित होंगी। मेहंदी प्रतियोगिता और Star Gazing कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शाम को कथक धरोहर, राकेश खनवाल, सुंदर बाफिला और प्रियंका महर मंच पर प्रस्तुति देंगे।
24 फरवरी: समापन समारोह
विधिक साक्षरता, सड़क सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, विज्ञान प्रदर्शनी, पेपर क्राफ्ट, ऐपण प्रतियोगिता, रूबिक क्यूब और एबेकस चैलेंज तथा Tug of War प्रतियोगिता का आयोजन होगा। हिल जात्रा की सांस्कृतिक प्रस्तुति महोत्सव का भव्य समापन करेगी। अंतिम स्टार नाइट में कमलजीत ढकरियाल, शुभम तिलकधारी और जस्सी गिल एवं बब्बल राय प्रस्तुति देंगे।
साहसिक एवं पर्यटन गतिविधियाँ
महोत्सव के दौरान एडवेंचर गतिविधियों का भी विशेष आयोजन किया गया है। उचौलीगोठ में पैरामोटरिंग और हॉट एयर बलूनिंग, डांडा-ककनई में पैराग्लाइडिंग, एबॉट माउंट में एस्ट्रो टूरिज्म और बर्ड वॉचिंग, नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में सफारी, कॉर्बेट ट्रेल ट्रैकिंग, पंचेश्वर में एंग्लिंग मीट, लोहाघाट से टनकपुर डाउनहिल साइक्लिंग, चूका से खिरद्वारी एमटीबी ऑफ रोड साइक्लिंग और चरण मंदिर से बूम तक रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियाँ रोमांच प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनपद की पहचान, परंपरा और पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का प्रयास है। सात दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव स्थानीय कला, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।