
चम्पावत: उत्तराखंड शासन ने चम्पावत जिले के बेलखेत में क्वैराला नदी पर 85 मीटर लंबे पैदल झूला पुल के निर्माण के लिए प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस परियोजना के लिए कुल ₹481.57 लाख (चार करोड़ इक्यासी लाख सत्तावन हजार रुपये) स्वीकृत किए गए हैं। यह स्वीकृति राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने और अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 341/2024 के अंतर्गत दी गई है।
यह योजना आपदा प्रबंधन विभाग और वित्त विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDRF) मद के तहत मंजूर की गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य कार्यकारिणी समिति के अनुमोदन उपरांत, शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल लागत का 40 प्रतिशत, यानी ₹192.63 लाख, पहली किस्त के तौर पर जारी किया है। पुल के निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित किया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के इस निर्णय से बेलखेत क्षेत्र की आबादी को बारहमासी कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे विशेषकर बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पूर्ण ध्यान रखने के निर्देश भी दिए हैं।