चतुर्थ केदार रुद्रनाथ की डोली हिमालय के लिए रवाना, सोमवार को खुलेंगे कपाट

Responsive example

चमोली: पंच केदारों में चतुर्थ केदार रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली ने मध्य हिमालय में स्थित रुद्रनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान किया। श्रद्धालुओं के साथ रवाना हुई यह डोली अब हिमालय की उच्च शिखरों की ओर बढ़ रही है।

रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खोलने की निर्धारित प्रक्रियाओं के अंतर्गत गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई। इसके पश्चात देव डोली ने जयकारों और पुष्प वर्षा के बीच मंदिर के लिए प्रस्थान किया। प्रस्थान के समय सेना की बैंड धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मुख्य पुजारी हरीश भट्ट ने जानकारी दी कि रुद्रनाथ मंदिर के कपाट सोमवार मध्याह्न में परंपरानुसार विधि-विधान के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के पश्चात श्रद्धालु भगवान रुद्रनाथ के एकानन स्वरूप के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत और राज्य मंत्री हरक सिंह उपस्थित रहे। इसके साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज भट्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *