चम्पावत के श्रद्धालुओं ने सोमनाथ में सिताकुंड के जल से किया ज्योतिर्लिंग का अभिषेक

Responsive example

सोमनाथ: सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के अंतर्गत चम्पावत से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बुधवार को प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने चम्पावत स्थित सिताकुंड, ताड़केश्वर महादेव मंदिर से साथ ले जाए गए पवित्र जल से भगवान सोमनाथ के शिवलिंग का जलाभिषेक किया।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की। जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और जय सोमनाथ के जयघोष लगाए गए।

सिताकुंड का जल अर्पित किया

श्रद्धालुओं ने कहा कि चम्पावत के पावन तीर्थ सिताकुंड का जल भगवान सोमनाथ को अर्पित करना उनके लिए आध्यात्मिक अनुभव का अवसर रहा। उन्होंने यात्रा को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का माध्यम बताया।

45 सदस्यीय दल पहुंचा गुजरात

सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत चम्पावत से 45 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल भगवान सोमनाथ के दर्शन के लिए गुजरात पहुंचा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।