चम्पावत: अद्वैत आश्रम में निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर, चार दर्जन से अधिक लोगों को मिला लाभ

Responsive example

चंपावत: अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में एक निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया है। इस शिविर के पहले दिन चार दर्जन से अधिक मरीजों ने अपने दांतों की जांच और उपचार कराकर राहत प्राप्त की।

कोलकाता से पहुंचे विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा है। शिविर में डॉ. निर्मलिया मुखर्जी, डॉ. श्रुति बायल और डॉ. प्रीति ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गौतम बायल के नेतृत्व में सेवा प्रदान की।

चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि यह निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर 30 जून तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान दांतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का विशेषज्ञों द्वारा उपचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीम अपने क्षेत्र में अत्यंत अनुभवी है और मानव सेवा के उद्देश्य से मायावती पहुंची है। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि अद्वैत आश्रम मायावती में सेवा कार्य करना उनके लिए एक आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने इसे मानव सेवा का एक ऐसा केंद्र बताया जहां मरीजों को नर-नारायण मानकर निस्वार्थ भाव से सेवा दी जाती है।

शिविर के सफल संचालन में पैरामेडिकल स्टाफ के मनोज पुनेठा, पंकज पुनेठा, अनिल, अजय, मोहित तथा दिल्ली से आई अरुंधति सिन्हा ने सहयोग किया।