
हल्द्वानी -कालाढूंगी क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि एवं प्रदेश प्रवक्ता बी जे पी, विकास भगत ने ग्राम हरकपुर क्व्वीरा, लक्ष्मी विहार (ग्रामसभा बच्ची नगर) में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को विस्तार से विधायक प्रतिनिधि के समक्ष रखा।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य हाईवे से लक्ष्मी विहार की ओर जाने वाली सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है और बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। इसका मुख्य कारण हाईवे से जुड़ी गूल बताई गई, जो बरसात के समय ओवरफ्लो होकर कॉलोनी की सड़क पर पानी छोड़ देती है। लगातार पानी भराव के कारण सड़क जल्दी टूट जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आपात स्थिति में मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
इस समस्या पर विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि नलकूप विभाग से बातचीत के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि गूल का लेवल काफी नीचे है और कई स्थानों पर गूल क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसी कारण पानी सड़क के बीच से बहकर आगे निकल जाता है और सड़क को नुकसान पहुंचाता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी नैनीताल से समन्वय किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 38 लाख रुपये की लागत से गूल निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। इस कार्य का टेंडर भी हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किए जाने का आश्वासन दिया गया।
सड़क की स्थिति पर जानकारी देते हुए विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि विधायक के माध्यम से जिलाधिकारी से वार्ता कर करीब 70–75 लाख रुपये की लागत से लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क, जो मुख्य सड़क से जुड़ी हुई है, के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को भी मंजूरी मिल चुकी है। इस सड़क का टेंडर लगाया जा चुका है और मौसम अनुकूल होते ही अगले एक माह के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके पूरा होने से सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के 500 मीटर आंतरिक मार्ग के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण संपर्क मार्ग और अधिक सुदृढ़ होंगे।
जनसंवाद के दौरान खुशलपुर क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़ते नशे के प्रचलन को लेकर चिंता व्यक्त की और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर विधायक प्रतिनिधि ने भरोसा दिलाया कि वे शीघ्र ही एसएसपी नैनीताल से संपर्क कर क्षेत्रीय जनता के साथ बैठक आयोजित करेंगे और नशे के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
इसके अतिरिक्त विधायक प्रतिनिधि ने ग्रामसभा की और भी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह बिष्ट सहित ग्राम सभा की बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने जनसंवाद के माध्यम से अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिलने पर संतोष जताया और समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद भी व्यक्त की।