एसएससी सीजीएल परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

Responsive example

चम्पावत: कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल) में जनपद के तीन युवाओं ने सफलता प्राप्त की है। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को रेखांकित किया।

जनपद के अंतर्गत कोयाटी निवासी संदीप कुमार, पम्दा निवासी सौरभ जोशी और बाराकोट निवासी विमल सिंह अधिकारी का चयन विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी पदों पर हुआ है। चयन प्रक्रिया के विवरण के अनुसार, संदीप कुमार का चयन विदेश मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (एएसओ) के पद पर हुआ है। सौरभ जोशी ने टैक्स असिस्टेंट के पद पर स्थान प्राप्त किया है, जबकि विमल सिंह अधिकारी का चयन रक्षा मंत्रालय के अधीन वित्तीय प्रबंधन एवं लेखांकन विभाग में ऑडिटर यानी लेखा परीक्षक के पद पर हुआ है।

लोहाघाट विकासखंड की कोयाटी ग्राम पंचायत के सिमाड़ गांव निवासी संदीप कुमार ने कठिन परिश्रम से यह स्थान प्राप्त किया है। संदीप कुमार के पिता पुष्कर राम टैक्सी चालक हैं और माता सरिता देवा गृहिणी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संदीप कुमार और उनकी माता सरिता देवा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक का कार्य करेगी।

इसी क्रम में बाराकोट ब्लॉक की पम्दा ग्राम पंचायत निवासी नवल किशोर जोशी के पुत्र सौरभ जोशी ने भी एसएससी सीजीएल परीक्षा उत्तीर्ण कर टैक्स असिस्टेंट के पद पर चयन सुनिश्चित किया है। जिलाधिकारी ने सौरभ जोशी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के युवाओं में पर्याप्त क्षमता है और सही दिशा में निरंतर प्रयास करने से सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने अन्य युवाओं को भी इन सफल अभ्यर्थियों से सीख लेकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सम्मान कार्यक्रम के अवसर पर पनीराम, ललित भट्ट, महेश भट्ट, अजय नरियाल, मदन लाल और दीपक रंसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *