एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, अनुबंधित वाहनों से ही गैस डिलीवरी के निर्देश

Responsive example

देहरादून: एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा जनमानस को सुगमता से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में, गैस एजेंसियों एवं गैस गोदामों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में, उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य एवं गैस अधिकारी अजय पाल सिंह और पूर्ति लिपिक होशियार सिंह की एक संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान, टीम ने रिंग रोड क्षेत्र में पाया कि भारत गैस के कई डिलीवरी मैन द्वारा मोटरसाइकिल पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही थी। इन डिलीवरी मैन का तेल कंपनी के साथ कोई आधिकारिक अनुबंध नहीं था, जिससे गैस की कालाबाजारी की संभावना प्रतीत हुई। इसके उपरांत, भारत गैस के गोदामों, जिसमें अरविंद गैस एजेंसी और आधुनिक गैस एजेंसी शामिल हैं, में जाकर इस संबंध में पूछताछ की गई। वहां भी यह देखा गया कि गैस की आपूर्ति मोटरसाइकिल और साइकिल जैसे छोटे वाहनों से की जा रही थी, जिनका गैस एजेंसी के साथ कोई अनुबंध नहीं था।

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए, दोनों गैस एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल लोडर जैसे अनुबंधित वाहनों के माध्यम से ही की जाए। टीम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी छोटे वाहन से गैस की आपूर्ति करते हुए पाया गया, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी संचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे भविष्य में केवल अनुबंधित वाहनों का ही उपयोग करें।

एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के आधार पर जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया) टीमें गठित की गई हैं। इन क्यूआरटी टीमों ने आज विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया, जहां एलपीजी गैस की मांग और आपूर्ति सहित सभी संबंधित गतिविधियों की गहनता से जांच की गई।

जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए माध्यमों से एलपीजी गैस की आपूर्ति के संबंध में कुल 19 शिकायतें दर्ज की गई हैं। जिला खाद्य पूर्ति विभाग, देहरादून के कंट्रोलरूम में एलपीजी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर की उपलब्धता या किसी अन्य समस्या को लेकर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जिले में लगभग 17,959 घरेलू उपभोक्ताओं और 407 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में, घरेलू एलपीजी का 36,534 और व्यवसायिक एलपीजी का 1,671 स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन घरेलू के साथ ही व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति क्षमता को निरंतर बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *