
देहरादून: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा और सचिवालय सेवा के कुल 6 अधिकारियों के दायित्वों में परिवर्तन किया है। शासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और परियोजनाओं में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार वर्ष 2007 बैच के आईएएस अधिकारी विनोद कुमार को उत्तराखंड डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस एंड रेजिलिएंस प्रोजेक्ट का परियोजना निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी सौरभ गहरवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अपर सचिव के पद पर तैनाती दी गई है।
शासन द्वारा जारी सूची में आईएएस अधिकारी झरना कमठान को अपर सचिव कार्मिक के साथ-साथ निदेशक स्वत्वल की जिम्मेदारी दी गई है। वर्ष 2017 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश चंद्र को अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
प्रांतीय सिविल सेवा अधिकारी सुंदर लाल सेमवाल को समाज कल्याण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम और दिव्यांगजन निदेशालय से संबंधित दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव को समाज कल्याण, उत्तराखंड कल्याण तथा सचिवालय प्रशासन विभाग में अपर सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।
शासन ने आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर अपने नवीन तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।