
अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने त्यौहारी सीजन के बाद सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। ये निर्देश होली पर्व के समापन के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से कार्यस्थलों की ओर लौटने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि और वाहनों में ओवरलोडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिए गए हैं। समस्त प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को इस अभियान का हिस्सा बनने को कहा गया है।
यह सघन चेकिंग अभियान अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। इसमें अल्मोड़ा के क्षेत्राधिकारी बलवन्त सिंह और रानीखेत के क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद का पर्यवेक्षण भी शामिल है। जनपद पुलिस द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, यातायात निरीक्षक और इंटरसेप्टर प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है।
वाहन चालकों और परिचालकों को कड़ाई से निर्देश दिए गए हैं कि वे वाहन में क्षमता से अधिक सवारी न बिठाएं। साथ ही, ओवर स्पीड और नशे में वाहन न चलाने की हिदायत भी दी जा रही है। यात्रियों को यह भी जागरूक किया जा रहा है कि यदि कोई चालक या परिचालक ओवरलोडिंग करता है या नशे में वाहन चलाता है, तो इसकी सूचना तत्काल डायल 112 पर दें। ऐसे लापरवाह चालकों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की गई है। जनपद में यह चेकिंग अभियान लगातार जारी है।