
अल्मोड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में आयोजित इस बैठक में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रत्येक चरण की कार्यवाही संपन्न करना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान निर्धारित समय-सारणी की जानकारी दी गई, जिसके अनुसार 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कार्मिकों के प्रशिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके पश्चात 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने अधीनस्थ बीएलओ का प्रशिक्षण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित तैयार होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएं और किसी भी प्रकार की त्रुटि या शिकायत का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए।
बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित है। इसके साथ ही नोटिस जारी करने और दावों व आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया जुलाई से शुरू होकर 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां मतदाताओं की मैपिंग अवशेष है, उस कार्य को तत्काल पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने की हिदायत देते हुए कहा कि कार्यों में शिथिलता या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार और भनोली की उपजिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। दूरस्थ क्षेत्रों के उपजिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों ने वर्चुअली माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।