अल्मोड़ा से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा के लिए 40 श्रद्धालु रवाना

Responsive example

अल्मोड़ा: उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत रविवार रात्रि अल्मोड़ा से 40 चयनित श्रद्धालुओं का दल देहरादून के लिए रवाना हुआ। अल्मोड़ा रोडवेज बस स्टेशन से विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने यात्रा दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अल्मोड़ा से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से आए 40-40 श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।

13 जनपदों से भेजे जाएंगे जल कलश

इस अवसर पर उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से पवित्र जल से भरे जल कलश भी सोमनाथ धाम भेजे जाएंगे। यह विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा हर्रावाला (देहरादून) से गुजरात स्थित सोमनाथ तक विशेष ट्रेन के माध्यम से संचालित की जाएगी।

यात्रियों के लिए निःशुल्क रहेंगी सभी सुविधाएं

राज्य सरकार द्वारा चयनित यात्रियों के लिए वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क की गई है।

समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता

इस यात्रा में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, युवा पेशेवरों, स्वयंसेवकों, सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों, कलाकारों, स्ट्रीट वेंडरों, गिग वर्कर्स, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तथा अन्य जनसेवा से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।