यूपीसीएल प्रबंध निदेशक ने चम्पावत में विद्युत परियोजनाओं की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Responsive example

चम्पावत: उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कुमाऊँ क्षेत्र के भ्रमण के दौरान चम्पावत में विद्युत व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के प्रथम चरण में हल्द्वानी में आयोजित बैठक में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, उपभोक्ता सुविधाओं तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर हुई चर्चा

चम्पावत में आयोजित बैठक के दौरान अमोड़ी एवं ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट कार्य, दूरस्थ क्षेत्रों के विद्युतीकरण तथा चम्पावत मुख्य बाजार में विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रबंध निदेशक ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से भी भेंट कर जनपद की विद्युत आवश्यकताओं एवं प्रस्तावित परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अमोड़ी एवं ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

बैठक के अंत में प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक प्रस्तावित स्ट्रीट लाइट कार्य को 30 अक्टूबर से पूर्व पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के प्रयास जारी रहेंगे।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए। विद्युत विभाग की ओर से कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) एस.के. टम्टा, मुख्य अभियंता रुद्रपुर एन.एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता टनकपुर डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता चम्पावत विजय सकारिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।