रानीखेत के मजखाली क्षेत्र से लापता युवती सात दिन बाद जंगल से सकुशल रेस्क्यू

Responsive example

अल्मोड़ा: राजस्व उपखंड रानीखेत के मजखाली क्षेत्र से 1 जुलाई 2026 से लापता 28 वर्षीय युवती को एसडीआरएफ की सरियापानी टीम ने सात दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद सकुशल रेस्क्यू कर लिया। युवती को सुंदरखाल गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर घने जंगल में घायल अवस्था में पाया गया।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, युवती 1 जुलाई 2026 की शाम घर से घूमने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद 4 जुलाई 2026 को जिला नियंत्रण कक्ष अल्मोड़ा से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की सरियापानी टीम को खोज एवं बचाव अभियान के लिए रवाना किया गया।

दूरस्थ क्षेत्रों में चला सर्च अभियान

एसडीआरएफ टीम ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल, बूबूधाम सहित आसपास के दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार सघन सर्च अभियान चलाया। लगातार वर्षा, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगलों के बीच टीम ने खोज अभियान जारी रखा।

लगातार प्रयासों और समन्वय के बाद 7 जुलाई 2026 को अपराह्न लगभग 4:30 बजे युवती को सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर घने जंगल में घायल अवस्था में खोज निकाला गया। टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और स्ट्रेचर के माध्यम से लगभग पांच किलोमीटर दुर्गम पैदल मार्ग पार कर उसे सड़क तक पहुंचाया।

उपचार के लिए रानीखेत अस्पताल भेजा गया

सड़क तक पहुंचाने के बाद युवती को एम्बुलेंस से उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया। युवती के सकुशल रेस्क्यू पर परिजनों ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी टीम के कार्य की प्रशंसा की है।

रेस्क्यू अभियान में ये रहे शामिल

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल, हेड कांस्टेबल आशीष रावत, आरक्षी बालम सिंह, होमगार्ड धीरज भारती, होमगार्ड राजेंद्र गिरी, टीसी पवन नेगी और डीआर कुलदीप सिंह शामिल रहे।