देहरादून: अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, अधीक्षण अभियंता का वेतन रोका

Responsive example

देहरादून: जिलाधिकारी आशीष चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा संचालित किए जा रहे अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की प्रगति धीमी पाए जाने तथा कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में श्रमिक और मशीनरी की कमी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए रोड कटिंग समिति की अनुमति शर्तों का कड़ाई से पालन करने और आगामी 5 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यों की धीमी प्रगति के दृष्टिगत यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं। निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि कांवली रोड से सहारनपुर चौक तक विभिन्न स्थानों पर की गई सड़क खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से बिखरा पड़ा है। इससे आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि सड़क किनारे पड़ी निर्माण सामग्री और मलबे को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।

यूपीसीएल के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्यस्थलों पर पर्याप्त मानव संसाधन और आवश्यक मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 500-500 मीटर के पैच बनाकर कार्य किया जाए और प्रत्येक पैच पर कार्यों की गति बढ़ाते हुए अगले पांच दिनों में अंडरग्राउंड केबल बिछाने की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण होते ही संबंधित मार्गों को सड़क पुनर्स्थापन और मरम्मत कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाए ताकि मरम्मत का कार्य तत्काल प्रारंभ हो सके।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने यूपीसीएल प्रबंधन को प्रतिदिन की कार्य प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी लंबित कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए और मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही संपादित किए जाएं ताकि यातायात सुरक्षित रहे। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने गैल द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए ली गई अनुमति की शर्तों को पूर्ण करते हुए सड़क लोक निर्माण विभाग को सौंपने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मानसून से पूर्व सभी सड़कों की मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और भविष्य में भी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने और नागरिक सुविधाओं को प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ओ.पी. सिंह सहित यूपीसीएल के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *