पटवाडांगर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के मेरु परिसर का शिलान्यास, उच्च शिक्षा मंत्री ने रखी आधारशिला

Responsive example

नैनीताल: भारत सरकार की पीएम ऊषा मेरु योजना के तहत प्राप्त अनुदान से पटवाडांगर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवीन परिसर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने सोमवार को राज्य सरकार द्वारा आवंटित भूमि पर दो अकादमिक ब्लॉक का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री ने परिसर में स्थित संरक्षित पटवा उद्यान का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि विश्वविद्यालय का यह मेरु परिसर शिक्षा के साथ-साथ उत्तराखंड को अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, आयुष और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि इस परिसर में प्रस्तावित हिमालयी औषधीय पौधों और वेलनेस लाइफस्टाइल पर होने वाला शोध स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने तक सीमित न रहकर बहुविषयी शिक्षण और शोध के उन्नत केंद्र बनें।

कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम ऊषा) के अंतर्गत मल्टी डिसिप्लिनरी एजुकेशन एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (मेरु) योजना के तहत कुमाऊं विश्वविद्यालय को 100 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत हुआ है। योजना के तहत 4568.46 लाख रुपये की अनुमानित लागत के सापेक्ष नैनीताल और भीमताल परिसर में लॉ कॉलेज, बी.एड. कॉलेज, फार्मेसी ब्लॉक, गणित, योग, फाइन आर्ट्स, संगीत और वन विभाग के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। नैनीताल में भूमि की कमी के कारण राज्य सरकार ने पटवाडांगर में 26.4 एकड़ भूमि मेरु परिसर के लिए स्वीकृत की है।

निर्माण कार्य के प्रथम चरण में दो अकादमिक ब्लॉक के लिए 2623.36 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से 888.89 लाख रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। छात्र-छात्राओं के लिए 40-40 की क्षमता वाले बालक एवं बालिका छात्रावासों का निर्माण 2667.71 लाख रुपये की अनुमानित लागत से किया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त पटवाडांगर परिसर में चार नए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें सेंटर फॉर एडवांस कंप्यूटिंग, सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन हिमालयन मेडिसिनल प्लांट्स, बायोमेडिकल साइंसेज एंड नैनोटेक्नोलॉजी और केंद्रीय उपकरण सुविधा केंद्र शामिल हैं।

विधायक सरिता आर्या ने विश्वविद्यालय के विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर सरकार का आभार व्यक्त किया। पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने परिसर के निर्माण के निर्णय की सराहना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, प्रभारी कुलसचिव राकेश विश्वकर्मा, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी और विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. दिव्या उपाध्याय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *