सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर समीक्षा बैठक, नियमितीकरण और मानदेय वृद्धि के निर्देश

Responsive example

नैनीताल: राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने राज्य अतिथि गृह में जनपद के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में नगर निगम हल्द्वानी सहित जिले के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों और सफाई कार्मिकों की समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

बैठक के दौरान निर्देश दिए गए कि नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत सफाई कर्मियों के पदों में वृद्धि करने और उनके मानदेय को बढ़ाए जाने संबंधी प्रस्ताव बोर्ड से पारित कर शासन को भेजे जाएं। उपाध्यक्ष ने कहा कि जिन सफाई कर्मियों की सेवा के 10 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें उत्तराखंड कार्मिक नियमावली के अनुरूप नियमित करने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए। इसके लिए वरिष्ठता के आधार पर सूची तैयार कर सफाई कर्मियों के हितों को ध्यान में रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा सफाई कार्मिकों के हितों में लिए गए निर्णयों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी नगर निकाय क्षेत्रों की वाल्मीकि बस्तियों में विकास कार्य कराने और वहां सामुदायिक भवनों का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सफाई कर्मियों को समय पर वर्दी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। कर्मचारियों के आयुष्मान और गोल्डन कार्ड बनाने के लिए नगर निकायों को विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

मृतक आश्रितों की नियुक्ति और एसीपी का लाभ समय पर दिलाने की बात कहते हुए उपाध्यक्ष ने सफाई कार्मिकों की आवास संबंधी समस्याओं के निस्तारण पर जोर दिया। नैनीताल नगर पालिका क्षेत्र के पुराने आवासों में रह रहे कर्मियों से लिए जा रहे किराए की समस्या पर अपर जिलाधिकारी को 15 दिन के भीतर जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सफाई कर्मियों और उनके परिजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि बिना किसी ठोस कारण के किसी भी सफाई कर्मी को सेवा से न हटाया जाए और शिक्षित सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने की प्रक्रिया अपनाई जाए। इस अवसर पर विधायक सरिता आर्य, दिनेश आर्य, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित नगर निगम हल्द्वानी और सभी नगर निकायों के अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *