राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, प्रक्रिया पूरी न होने पर हो सकती है खाद्यान्न वितरण में असुविधा

Responsive example

अल्मोड़ा: जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है। उन्होंने बताया कि राशन कार्डों के सत्यापन की यह कार्यवाही “मेरा KYC” मोबाइल ऐप के माध्यम से संपन्न की जानी है। विभाग द्वारा सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लें।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन राशन कार्डों में दर्ज सदस्यों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, उन्हें भविष्य में सरकारी गल्ले की दुकानों से खाद्यान्न प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इस सत्यापन प्रक्रिया के सफल संपादन हेतु राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना आवश्यक है। सत्यापन के लिए जरूरी ओटीपी केवल आधार से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ही प्राप्त होगा।

ई-केवाईसी के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस प्रक्रिया के लिए उपयोग किए जाने वाले एंड्रॉइड मोबाइल फोन का कैमरा स्पष्ट होना चाहिए। साथ ही, ई-केवाईसी ऐप के सुचारू संचालन हेतु मोबाइल की “Accessibility” सुविधा को सक्षम करना अनिवार्य होगा। जिन लाभार्थियों के पास स्वयं का स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं है, वे अपने आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी उचित दर विक्रेता की दुकान पर जाकर भी अपनी ई-केवाईसी करवा सकते हैं।

ऐप के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया साझा करते हुए बताया गया कि लाभार्थियों को सर्वप्रथम गूगल प्ले स्टोर अथवा ऐप स्टोर से “मेरा KYC” ऐप और इसके साथ ही “AadhaarFaceRD” ऐप इंस्टॉल करना होगा। ऐप में लॉगिन करने के बाद उत्तराखंड राज्य का चयन कर लोकेशन सत्यापित करनी होगी। इसके पश्चात राशन कार्ड संख्या दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। अंत में “FaceKYC” विकल्प पर क्लिक कर चेहरे का मिलान करना होगा। प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने पर स्क्रीन पर सफलता का संदेश प्रदर्शित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *