अल्मोड़ा पहुंचे कैबिनेट मंत्री, विकास कार्यों की समीक्षा के साथ मेडिकल कॉलेज के वार्षिकोत्सव में हुए शामिल

Responsive example

अल्मोड़ा: वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल अल्मोड़ा भ्रमण पर पहुंचे। सर्किट हाउस आगमन पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और उपस्थित प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, विभागीय प्रगति और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विवरण प्रस्तुत किया। मंत्री ने वन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से विभागीय कार्यप्रणाली और वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देशित किया कि आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

इसके उपरांत उन्होंने सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान के वार्षिकोत्सव “नेबुला-2026” में प्रतिभाग किया। इस कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की वार्षिक पत्रिका “मोनाल” का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान शैक्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास अनिवार्य हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं पर समाज की बड़ी जिम्मेदारी होती है, जिसे संवेदनशीलता, सेवा भाव और सकारात्मक सोच के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में आज का युवा महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से केवल चिकित्सक बनने तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और एक जागरूक नागरिक के रूप में देश निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर निगम के मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सीपी भैंसोड़ा उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, कुंदन लटवाल, पार्षद अर्जुन बिष्ट और रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *